राजनांदगांव: Akash sharma
वार्ड नंबर 49 मोहड़ के शीतला पारा क्षेत्र में लंबे समय से बनी पानी निकासी की समस्या का सोमवार को सुखद समाधान हो गया। शीतला पारा के अंतिम छोर पर स्थित एक निजी प्लॉट में पानी भरने और निकासी द्वार बंद किए जाने के कारण वार्ड वासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संवेदनशील मामले में महापौर श्री मधुसूदन यादव ने स्वयं मौके पर पहुंचकर भूमि स्वामी को समझाइश दी, जिसके बाद पानी की निकासी का रास्ता साफ हो सका।
विवाद और समाधान की प्रक्रिया
शीतला पारा में पानी की निकासी के मार्ग में निजी खुली भूमि होने के कारण तकनीकी दिक्कतें आ रही थीं। प्लॉट मालिक द्वारा निकासी द्वार बंद कर दिए जाने से क्षेत्र में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई थी। बार-बार अधिकारियों की समझाइश के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई थी। वार्ड वासियों की शिकायत पर आज नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
महापौर की पहल और नाली निर्माण का आश्वासन
मौके पर पहुंचे महापौर श्री मधुसूदन यादव ने प्लॉट मालिक से चर्चा की और उसे सार्वजनिक हित में पानी निकासी के लिए राजी किया। महापौर ने स्पष्ट किया कि इस समस्या का स्थाई समाधान नाली निर्माण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि “होली के त्योहार के तुरंत बाद नाली निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा”, जिससे निजी भूमि में पानी भरने की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी।
मौके पर रही भारी उपस्थिति
सहमति मिलने के उपरांत तत्काल जेसीबी के माध्यम से अवरुद्ध मार्ग को खोलकर पानी की निकासी कराई गई। इस दौरान वार्ड पार्षद श्री संजय रजक, कार्यपालन अभियंता श्री दीपक खांडे, सहायक अभियंता श्रीमती गरिमा वर्मा, उप अभियंता श्रीमती ज्योति साहू और बसंतपुर थाना प्रभारी श्री एमन साहू सहित बड़ी संख्या में वार्ड वासी उपस्थित थे।
मोहड़ की महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए महापौर और निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।





