Home » अपराध » राजनांदगांव में बेदखली के नोटिस पर बवाल: रमन नगर के निवासियों ने दी आत्मदाह की चेतावनी, निगम का घेराव

राजनांदगांव में बेदखली के नोटिस पर बवाल: रमन नगर के निवासियों ने दी आत्मदाह की चेतावनी, निगम का घेराव

राजनांदगांव:

नगर निगम प्रशासन द्वारा वार्ड नंबर 39, रमन नगर (बांसपाई पारा) के निवासियों को घर से बेदखल करने का नोटिस जारी किए जाने के बाद शहर में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। इस कार्रवाई से नाराज वार्डवासियों ने मंगलवार, 3 मार्च 2026 को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में नगर निगम का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा और कलेक्टर जितेन्द्र यादव को प्रतिलिपि सौंपकर बेदखली की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

40 वर्षों से काबिज हैं परिवार

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने बताया कि रमन नगर के निवासी पिछले 4 दशक से यहाँ निवास कर रहे हैं। नगर निगम द्वारा ही यहाँ सीसी रोड, नाली निर्माण और पेयजल पाइपलाइन जैसी सुविधाएं दी गई हैं। निवासी नियमित रूप से स्वच्छता कर, जलकर और बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के निर्वाचन क्षेत्र में स्थित इस बस्ती को भाजपा के महापौर मधुसूदन यादव उजाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

धमकाने और जबरन नोटिस देने का आरोप

वार्डवासियों का आरोप है कि निगम के नोडल अधिकारी (प्रधानमंत्री आवास योजना) द्वारा जारी नोटिस में बलपूर्वक हटाने की धमकी दी गई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुरुषों की अनुपस्थिति में महिलाओं और बच्चों को डरा-धमकाकर नोटिस की पावती ली गई और उनका वीडियो भी बनाया गया। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जबरन हटाया गया, तो वे आत्मदाह करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

पट्टे और आवास की मांग

श्री छाबड़ा ने कहा कि यह क्षेत्र झुग्गी-झोपड़ी श्रेणी में आता है और पूर्व में जनप्रतिनिधियों ने यहाँ पट्टा देने और आवास योजना का लाभ देने का आश्वासन दिया था। अब उसी जगह से लोगों को हटाना गरीबों के साथ अन्याय है। प्रदर्शन के दौरान पूर्व पार्षद मनीष साहू, ऋषि शास्त्री सहित बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे।

प्रशासन से मांग की गई है कि आश्वासन के अनुरूप गरीबों को पट्टे प्रदाय किए जाएं और उन्हें उनके वर्तमान निवास स्थान पर ही प्रधानमंत्री आवास योजना की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments