रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित एक समारोह में बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर होने वाले सरगुजा ओलंपिक 2026 के प्रतीक चिन्ह (लोगो) और शुभंकर “गजरु” का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने सरगुजा अंचल के युवाओं और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
सरगुजा ओलंपिक के लिए 28 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक सरगुजा संभाग के 6 जिलों से लगभग 3.50 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है। यह बड़ी संख्या सरगुजा के युवाओं के खेल के प्रति उत्साह, ऊर्जा और समर्पण को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पंजीकरण होना सरगुजा अंचल के युवाओं की खेल भावना का प्रमाण है। इस ओलंपिक में कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, रस्साकसी समेत कुल 12 खेल विधाओं में विकासखंड, जिला और संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
यह आयोजन आदिवासी बहुल सरगुजा संभाग में छिपी खेल प्रतिभाओं को मुख्यधारा में लाने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सुनहरा अवसर साबित होगा।





