राजनांदगांव: Prakash Sharma
होली पर्व के मद्देनजर शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनांदगांव पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना लालबाग पुलिस ने ग्राम पेंड्री में हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मोहल्ले में चाकू लेकर घूम रहा था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार 3 मार्च 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पेंड्री निवासी राजू साहू (33 वर्ष) अपने हाथ में एक धारदार चाकू लेकर मोहल्ले में घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। इस हरकत से क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया था।
घेराबंदी कर दबोचा, आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ केस
थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी राजू साहू का कृत्य धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध की श्रेणी में पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से आदेशानुसार उसे जेल दाखिल कर दिया गया है।
शांतिपूर्ण होली की अपील
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या हथियार लहराकर शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रमेश पटेल, ए.पी. शीला, अश्वनी यदु, आरक्षक राकेश धुर्वे, कमल किशोर यादव सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





