नारायणपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने नारायणपुर प्रवास के दौरान गरांजी स्थित ‘परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय’ का दौरा किया। यहाँ पहुँचते ही विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने मुख्यमंत्री का अत्यंत आत्मीय और ऊर्जापूर्ण स्वागत किया। बच्चों की प्रतिभा और उनके भीतर के अटूट आत्मविश्वास को देखकर मुख्यमंत्री भावविभोर हो उठे।
बच्चों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि, “आपकी शारीरिक चुनौतियाँ आपके सपनों की उड़ान में बाधा नहीं बन सकतीं। आपकी ऊर्जा हमें प्रेरणा देती है।” उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
सौगातों की झड़ी: बच्चों को पढ़ाई और आवागमन में होने वाली असुविधा को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने तत्काल विद्यालय के लिए एक नई बस उपलब्ध कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील पहल से बच्चों और स्कूल प्रबंधन के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी कलाकृतियों की सराहना भी की।





