रायपुर, 14 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, माना (रायपुर) में प्रशिक्षु आरक्षकों के साथ एक संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं के साथ सार्थक और प्रेरणादायक संवाद किया।
मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि पुलिस बल समाज में विश्वास, सुरक्षा और न्याय का मजबूत आधार स्तंभ है। प्रशिक्षण काल ही वह महत्वपूर्ण समय होता है, जब एक श्रेष्ठ, उत्तरदायी और जनहितैषी पुलिस अधिकारी की सुदृढ़ नींव रखी जाती है। उन्होंने सभी प्रशिक्षु साथियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और पूर्ण विश्वास जताया कि वे प्रदेश एवं राष्ट्र की सेवा में पूर्ण समर्पण, ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपना दायित्व निभाएंगे।
इस अवसर पर आईपीएस श्री अभिषेक पल्लव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आरक्षकों ने मंत्री जी के मार्गदर्शन से उत्साह और नई ऊर्जा प्राप्त की।
यह संवाद कार्यक्रम पुलिस प्रशिक्षण के दौरान प्रेरणा और मूल्यों के संचार का एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुआ, जो युवा पुलिस बल को समाज सेवा के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध बनाएगा।





