बनासकांठा (गुजरात)। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थापित अत्याधुनिक बायो-सीएनजी (Compressed Biogas – CBG) प्लांट का कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप जी के साथ अवलोकन किया।
यह प्लांट बनास डेयरी द्वारा सुजुकी के साथ साझेदारी में स्थापित किया गया है, जहाँ गोबर और अन्य कृषि अपशिष्ट से स्वच्छ ऊर्जा (सीबीजी) तथा उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद का उत्पादन हो रहा है। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने इस मॉडल को पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
“गोबर से धन” की इस पहल से किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि हो रही है, साथ ही जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम हो रही है। श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह के प्लांट स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि राज्य पर्यावरण-अनुकूल विकास की दिशा में आगे बढ़ सके।





