राजनांदगांव | 26 फरवरी 2026
राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री बालाजी राव (भापुसे) ने आज आईजी कार्यालय में रेलवे सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस उच्च स्तरीय बैठक में यात्रियों की सुरक्षा को पुख्ता करने और रेल परिसरों में अपराध पर लगाम कसने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के मुख्य बिंदु और कड़े निर्देश:
नशा तस्करी पर वार: ट्रेनों के माध्यम से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए दर्ज मामलों की समीक्षा की गई और प्रभावी चेक-पॉइंट्स बनाने के निर्देश दिए गए।
अपराधों का विश्लेषण: ट्रेनों में होने वाली चोरी और लूट की वारदातों पर चर्चा करते हुए आईजी ने आरोपियों के ‘मोडस ऑपरेंडी’ (तरीकों) को समझने और उसी के अनुरूप सुरक्षा घेरा तैयार करने को कहा।
सीसीटीवी और निगरानी: रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनकी सक्रियता की जांच करने के निर्देश दिए गए ताकि हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
डोंगरगढ़ नवरात्रि मेला सुरक्षा: आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनजर डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर उमड़ने वाली भारी भीड़ के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था, प्लेटफॉर्म पेट्रोलिंग और क्राउड मैनेजमेंट की योजना तैयार की गई।
असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई: रेलवे ट्रैक और ट्रेनों के आसपास सक्रिय असामाजिक तत्वों एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
बेहतर तालमेल पर जोर
आईजी श्री बालाजी राव ने स्पष्ट किया कि स्थानीय पुलिस, आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मौजूद अधिकारी
इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एआईजी गीता वाधवानी, आरपीएफ थाना प्रभारी श्रीमती तरुणा साहू, जीआरपी थाना प्रभारी श्रीमती दया कुर्रे सहित कोतवाली, सोमनी, लालबाग, बोरतालाव और चिखली-तुमड़ीबोड़ के थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
मुख्य संदेश: “यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी एक टीम की तरह काम कर अपराधियों के मंसूबों को नाकाम करें।” – आईजी श्री बालाजी राव





