राजनांदगांव (आकाश शर्मा): आगामी होली त्यौहार को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के माहौल में मनाने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने एक्शन मोड में आकर जिले भर में विशेष सघन कांबिंग गश्त अभियान चलाया। इस अभियान में 60 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो एवं एसडीओपी डोंगरगांव श्रीमती मंजू लता बाज के पर्यवेक्षण में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अभियान के तहत थाना कोतवाली, बसंतपुर, डोंगरगांव एवं चौकी चिखली के प्रभारियों ने अपने दलबल के साथ थाना क्षेत्र के अड्डेबाजी स्थलों, आउटर इलाकों एवं शहरी क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जांच-पड़ताल की। कांबिंग गश्त के दौरान गुंडा-बदमाश, निगरानी बदमाश एवं अन्य असामाजिक तत्वों के घरों पर जाकर सत्यापन किया गया। कुल 40 से अधिक व्यक्तियों की गहन जांच की गई, उन्हें आवश्यक समझाइश दी गई तथा जहां जरूरी हुआ वहां वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई गई।
इसके अलावा क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की भी सघन चेकिंग की गई और पूछताछ के बाद उचित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और शांति के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक हरकत की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या 112 पर दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत निगरानी और आवश्यक कार्यवाही जारी रहेगी।
यह अभियान होली के दौरान किसी भी प्रकार के हुड़दंग, नशे में ड्राइविंग या अन्य उल्लंघनों पर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाता है।





