कवर्धा/रायपुर।
कवर्धा जिला मुख्यालय को यातायात के दबाव से राहत दिलाने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (कवर्धा–जबलपुर तथा कवर्धा–रायपुर) मार्ग के बीच बाईपास निर्माण तथा धवईपानी (चिल्पी) से सिमगा तक राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के सेक्शन को 4 लेन में विकसित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं।
इस महत्वपूर्ण पहल को लेकर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के विकास, सुगम आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा।
🔹 कवर्धा में बनेगा बाईपास, यातायात होगा सुगम
कवर्धा शहर के मध्य से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए लंबे समय से बाईपास की मांग की जा रही थी। बाईपास बनने से भारी वाहनों का दबाव कम होगा और शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
🔹 NH-30 का 4 लेन विस्तार
धवईपानी (चिल्पी) से सिमगा तक NH-30 को 4 लेन में परिवर्तित करने से प्रदेश के अंदरूनी और अंतरराज्यीय यातायात को मजबूती मिलेगी। इससे पर्यटन, व्यापार और कृषि परिवहन को भी सीधा लाभ मिलेगा।
🔹 पराली से एविएशन फ्यूल पर भी चर्चा
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस दौरान पराली से एविएशन फ्यूल बनाने की अभिनव तकनीक पर भी जानकारी देने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस दिशा में किए जा रहे नवाचार पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि “बड़े और दूरदर्शी नेतृत्व से मिलकर नई ऊर्जा मिलती है। प्रदेश के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं।”
उन्होंने केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन करते हुए विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से कबीरधाम जिले सहित पूरे क्षेत्र को व्यापक लाभ मिलेगा।





