राजनांदगांव: Prakash Sharma
जिले में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनांदगांव पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में मनगटा क्षेत्र स्थित रिसॉर्ट्स में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और देर रात तक डीजे बजाने की शिकायतों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) अलेक्जेंडर किरो और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के लगभग 35 रिसॉर्ट्स में एक साथ औचक छापेमारी की।
शिकायतों के बाद जागा प्रशासन
पिछले कुछ समय से मनगटा स्थित विभिन्न रिसॉर्ट्स में तेज आवाज में डीजे बजाने, शराब परोसने और अनैतिक गतिविधियों के संचालित होने की गुप्त सूचनाएं पुलिस को मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में 30 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित कर तलाशी अभियान चलाया गया।
जांच में क्या मिला?
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रिसॉर्ट्स के कमरों, एंट्री रजिस्टर और परिसर की गहन जांच की। हालांकि, इस औचक निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की गंभीर अवैध गतिविधि संचालित होती नहीं पाई गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद पर्यटकों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की।
संचालकों को कड़े निर्देश और हिदायत
कार्यवाही के उपरांत नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो ने सभी रिसॉर्ट संचालकों की बैठक लेकर उन्हें सख्त दिशा-निर्देश जारी किए:
अनिवार्य आईडी प्रूफ: रिसॉर्ट में आने वाले हर व्यक्ति का वैध पहचान पत्र और आधार कार्ड लेना अनिवार्य होगा और उसकी जानकारी रजिस्टर में दर्ज करनी होगी।
शोर-शराबे पर रोक: रिसॉर्ट परिसर में तेज आवाज में डीजे बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
नशाखोरी के खिलाफ सख्त रुख: किसी भी रिसॉर्ट में नशीले पदार्थों का सेवन करवाने या अनैतिक कार्य पाए जाने पर संचालक के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की औचक चेकिंग जारी रहेगी ताकि जिले की शांति व्यवस्था भंग न हो सके।




