वैशाली नगर। भिलाई
गर्मी के मौसम में जब कई सब्जियों का स्वाद फीका लगने लगता है, ऐसे समय में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बोहार भाजी अपनी खास पहचान के साथ थाली में स्वाद और सेहत दोनों लेकर आती है। प्रदेश के लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं।
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक भाजी-सब्जियां केवल स्वाद ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी होती हैं। बोहार भाजी गर्मी के दिनों में शरीर को ठंडक पहुंचाने का काम करती है और गैस, एसिडिटी जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक मानी जाती है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में लोगों को फिर से अपने पारंपरिक खानपान की ओर लौटने की जरूरत है। बोहार भाजी जैसे स्थानीय और प्राकृतिक खाद्य पदार्थ शरीर को हल्का, संतुलित और स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
विधायक श्री सेन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि
“अगर आपने अभी तक बोहार भाजी का स्वाद नहीं लिया है, तो इस गर्मी जरूर आज़माएं और अपनी थाली में छत्तीसगढ़ की परंपरा को शामिल करें।”
उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय भोजन को बढ़ावा देना स्वास्थ्य के साथ-साथ हमारी संस्कृति को भी मजबूत बनाता है।





