भिलाई सेक्टर-9 अस्पताल को मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के रूप में पुनः स्थापित करने का संकल्प विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित
रायपुर/भिलाई।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) द्वारा स्थापित सेक्टर-9 अस्पताल को पुनः मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के रूप में स्थापित किए जाने को लेकर एक महत्वपूर्ण अशासकीय संकल्प प्रस्तुत किया गया। इस संकल्प पर सदन में विस्तार से चर्चा हुई, जिसके बाद इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
संकल्प प्रस्तुत करते हुए विधायक रिकेश सेन ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र का सेक्टर-9 अस्पताल एक समय पूरे दुर्ग-भिलाई क्षेत्र ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के लिए भी एक प्रमुख और भरोसेमंद चिकित्सा केंद्र रहा है। यहां अत्याधुनिक सुविधाएं और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होने के कारण लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती थीं। लेकिन समय के साथ कई सुविधाएं सीमित हो गईं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सदन में मांग करते हुए कहा कि सेक्टर-9 अस्पताल को फिर से पूर्ण रूप से विकसित कर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के रूप में स्थापित किया जाए, ताकि भिलाई, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
संकल्प पर चर्चा के दौरान कई सदस्यों ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि सेक्टर-9 अस्पताल की सेवाएं पहले पूरे क्षेत्र के लिए जीवनदायिनी साबित होती रही हैं और इसे फिर से उसी स्तर पर विकसित करना समय की मांग है।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सदन को आश्वस्त करते हुए कहा कि विधानसभा में पारित इस संकल्प के आधार पर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के माध्यम से सेक्टर-9 अस्पताल को पुनः मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
संकल्प के सर्वसम्मति से पारित होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और लोगों ने इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।





