भिलाई।
वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के कैंप-2 इलाके में दो पक्षों के बीच उपजे विवाद की स्थिति को विधायक रिकेश सेन ने तत्परता दिखाते हुए शांत कराया है। मामले की सूचना मिलते ही विधायक ने संज्ञान लिया और दोनों पक्षों से सीधा संवाद स्थापित कर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया।
विधायक रिकेश सेन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र की शांति, आपसी सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र संविधान के मूल्यों पर चलता है। यहां किसी भी प्रकार का धार्मिक उन्माद या आपसी वैमनस्य कतई स्वीकार्य नहीं है। सभी समुदायों के बीच आपसी सम्मान और सौहार्द बना रहना आवश्यक है।”
विधायक ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी माध्यम से कोई भड़काऊ संदेश या वीडियो प्राप्त होता है, तो उसकी जानकारी तुरंत संबंधित थाने में दें। समाज में एकता और शांति बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है।





