डोंगरगढ़। Akash Sharma
राजनांदगांव जिले में अवैध गतिविधियों और नशा कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे एक कोचिए को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में देशी शराब और परिवहन में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जप्त किया गया है।
नाकाबंदी कर दबोचा गया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एक्टिवा में अवैध शराब लेकर डोंगरगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में ग्राम अछोली नाला पुलिया के पास नाकाबंदी की गई।
संदेही को रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से 50 पौवा देशी शराब (कुल 09 बल्क लीटर) बरामद हुई। पुलिस ने शराब और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन (CG 08 U 2615) को जप्त कर लिया है। जप्त मशरुका की कुल कीमत लगभग ₹24,500/- आंकी गई है।
आरोपी को भेजा गया जेल
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राधेश्याम निषाद (36 वर्ष), निवासी बुधवारीपारा, वार्ड क्रमांक 14, डोंगरगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। माननीय न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इनका रहा सराहनीय योगदान
यह पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। टीम में प्रशिक्षु डीएसपी सुमन जायसवाल, उप निरीक्षक रोहित खुटे, प्रधान आरक्षक चित्रेश गात्रे और आरक्षक युगेंद्र देशमुख की मुख्य भूमिका रही।





