भिलाई/दुर्ग।
हनुमान जन्मोत्सव के पावन और शुभ अवसर पर क्षेत्र में जनसेवा की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली है। प्रखर समाजसेवी डॉ. रिचा सेन द्वारा राहगीरों और आम नागरिकों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से एक ‘चलित प्याऊ घर’ (मोबाइल वाटर कियोस्क) का विधि-विधान से शुभारंभ किया गया। इस सराहनीय पहल का मुख्य उद्देश्य तपती धूप में सफर करने वाले राहगीरों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल सुलभ कराना है।
इस पुनीत कार्य की शुरुआत करते हुए डॉ. रिचा सेन ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। सेवा ही सच्चा धर्म है, और इस प्रकार के लोक-कल्याणकारी कार्य समाज में आपसी सहयोग, संवेदनशीलता एवं अपनी सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के इस मौसम में राहगीरों को ठंडा पानी उपलब्ध कराकर राहत प्रदान करना न केवल एक सामाजिक दायित्व है, बल्कि यह मानवता के प्रति हमारे सच्चे समर्पण का प्रतीक भी है।




