नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव इन दिनों नई दिल्ली में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इस दौरान भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजू नारायण सिंह ठाकुर ने नई दिल्ली पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।
संजू नारायण सिंह ठाकुर ने किरण सिंह देव के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनके स्वास्थ्य में लगातार हो रहा सुधार समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए अत्यंत हर्ष और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि किरण सिंह देव का संगठन के प्रति समर्पण, कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता और कुशल नेतृत्व क्षमता सभी के लिए प्रेरणादायी है। प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने प्रदेश अध्यक्ष के साथ खड़ा है और उनके उत्तम स्वास्थ्य के लिए निरंतर प्रार्थना कर रहा है।
ठाकुर ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि महाकाल महाराज किरण सिंह देव को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करें और उन्हें दीर्घायु का आशीर्वाद दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश अध्यक्ष जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर पुनः उसी ऊर्जा के साथ संगठन को नई दिशा और गति प्रदान करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा परिवार अपने वरिष्ठ नेतृत्व के सुख-दुःख में सदैव एकजुट रहता है और यही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।





