यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक गौरव पथ स्थित सुराना कॉलेज के समीप आयोजित होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में तृतीय लिंग समुदाय के प्रति सम्मान, समानता, मानवीय गरिमा और सामाजिक स्वीकार्यता को बढ़ावा देना है, जिसके तहत दुर्ग और रायपुर जिलों के लगभग 15 से 17 तृतीय लिंग सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।
इस भव्य समारोह का विशेष आकर्षण अखिल भारतीय काव्य गोष्ठी होगी। इसमें महाराष्ट्र के नागपुर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों जैसे भाटापारा, बिलासपुर व रायपुर से आए लगभग 40 प्रतिष्ठित कवि और साहित्यकार अपनी स्वरचित रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। ये रचनाएं सामाजिक समरसता, मानवीय संवेदना, समानता और भाईचारे का अनूठा संदेश देंगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन की कमान ऐतिहासिक साहित्यिक चेतना मंच के आयोजक कैलाश जैन बरमेचा संभाल रहे हैं, जबकि काव्य गोष्ठी की संपूर्ण व्यवस्था और कवियों के समन्वय का दायित्व शायर नवेद रजा दुर्गवी को सौंपा गया है।
आयोजन समिति ने दुर्ग-भिलाई के सभी साहित्यप्रेमियों, समाजसेवियों, कलाकारों और प्रबुद्ध नागरिकों से इस गरिमामयी और मानवीय पहल में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। यह अनूठा आयोजन कला, साहित्य और सामाजिक चेतना का एक बेहतरीन संगम साबित होगा।



