भिलाई।
भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के नगर सेवा विभाग (TSD) ने शहर के बुनियादी ढांचे को व्यवस्थित रखने और सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण को रोकने के लिए शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की। सेक्टर-2 स्थित भिलाई विद्यालय चौक के पास ऑटो स्टैंड के समीप किए जा रहे अवैध निर्माण को विभाग की टीम ने मुस्तैदी से हटा दिया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय ऑटो चालकों द्वारा बिना किसी पूर्व अनुमति के इस सार्वजनिक स्थल पर मंदिर का निर्माण कर भगवान शिव और नंदी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। चूंकि यह क्षेत्र आवागमन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए विभाग ने नियमों के तहत इस अनधिकृत निर्माण को रोकने का निर्णय लिया।
कार्रवाई के दौरान धार्मिक भावनाओं का पूर्ण सम्मान करते हुए, टीम ने अत्यंत सावधानीपूर्वक प्रतिमाओं को वहां से हटाया। इन प्रतिमाओं को जयंती स्टेडियम के समीप स्थित तालाब के किनारे पूरी गरिमा के साथ सुरक्षित रखवा दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यातायात बाधित होने और स्थाई अतिक्रमण को रोकने के लिए ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।





