Home » अपराध » होली पर राजनांदगांव पुलिस अलर्ट: एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में 700 पुलिसकर्मी मुस्तैद, ड्रोन-फ्लैग मार्च से निगरानी

होली पर राजनांदगांव पुलिस अलर्ट: एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में 700 पुलिसकर्मी मुस्तैद, ड्रोन-फ्लैग मार्च से निगरानी

राजनांदगांव (Akash Sharma): “रंगों में उल्लास, सुरक्षा में विश्वास” — इस नारे के साथ राजनांदगांव पुलिस ने होली पर्व (2 से 5 मार्च 2026) को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बनाने के लिए अभूतपूर्व बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में तैयार की गई इस चाक-चौबंद योजना के तहत जिले भर में 700 से अधिक अधिकारी एवं जवान मुस्तैद रहेंगे।

पुलिस प्रशासन ने त्योहार के दौरान किसी भी अवांछित गतिविधि, हुड़दंग या असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु समन्वित कार्ययोजना बनाई है। पूर्व तैयारी के तहत सभी थाना/चौकी प्रभारियों ने कोटवार, सरपंच, जनप्रतिनिधि, शांति समिति सदस्यों एवं व्यापारियों के साथ बैठकें कीं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष बैठकें कर सामुदायिक समन्वय स्थापित किया गया। होटल, लॉज, ढाबा, बार एवं रिसॉर्ट संचालकों को सत्यापन एवं निगरानी के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

जोनवार रणनीति: जिले को चार जोनों — शहरी, अर्ध-शहरी, ग्रामीण एवं बॉर्डर क्षेत्र — में विभाजित कर अलग-अलग रणनीति अपनाई गई है। प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फिक्स्ड प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई है। संवेदनशील एवं बदमाश प्रवृत्ति वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिले के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, प्रमुख चौक एवं स्थैतिक बिंदुओं पर सशस्त्र बल तैनात हैं। आवश्यकता पड़ने पर दंगा नियंत्रण टीम (Riot Control) एवं रिजर्व बल अलर्ट मोड पर रहेंगे।

गश्त एवं निगरानी: आमजन में सुरक्षा का भाव जगाने के लिए प्रमुख क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाले जाएंगे। पैदल गश्त, बाइक पेट्रोलिंग टीम एवं मोबाइल फ्लाइंग स्क्वॉड निरंतर भ्रमण करेंगे। सिविल ड्रेस में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी असामाजिक तत्वों पर गोपनीय नजर रखेंगे। भीड़भाड़ एवं संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी की जाएगी, ताकि किसी अप्रिय स्थिति पर तुरंत नियंत्रण हो सके।

मॉनिटरिंग सिस्टम: जिला स्तर पर 24×7 विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो एक राजपत्रित अधिकारी के अधीन संचालित रहेगा। इससे पूरे जिले की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी।

राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली को आपसी भाईचारे, प्रेम और उल्लास के साथ मनाएं तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का संकल्प है कि “Zero Tolerance, Zero Incident” के साथ त्योहार सुरक्षित रहेगा।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments