राजनांदगांव ( Akash sharma) : होली त्यौहार को सौहार्दपूर्ण, परंपरा के अनुरूप और पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से थाना बसंतपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। दिनांक 26 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के दिशा-निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन एवं थाना प्रभारी बसंतपुर श्री एमन साहू की उपस्थिति में यह बैठक थाना परिसर में हुई।
बैठक में पार्षदगण, सर्वसमाज के प्रतिनिधि/पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी समाज प्रमुखों ने एकमत होकर होली/धुरेड़ी एवं आगामी रमजान पर्व को जिले की वर्षों पुरानी शांति एवं सद्भावना की परंपरा के अनुसार मनाने का भरोसा शासन एवं प्रशासन को दिया।
बैठक में होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु निम्नलिखित प्रमुख दिशा-निर्देश जारी किए गए:
धार्मिक स्थलों, मुख्य चौक-चौराहों पर स्टेटिक प्वाइंट लगाकर लगातार गश्त की जाएगी। आवश्यक स्थानों पर एम.सी.पी. (मोटर साइकिल चेकिंग प्वाइंट) लगाकर वाहनों की चेकिंग एवं वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
शराब पीकर वाहन चलाने, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी एवं साइलेंसर से फटाका जैसी आवाज निकालने वालों पर सख्त कार्रवाई; वाहन जप्त कर माननीय न्यायालय में चालान पटाने के बाद ही सुपुर्दगी।
साउंड सिस्टम का उपयोग सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार निर्धारित ध्वनि सीमा में ही; अत्यधिक ध्वनि पर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्यवाही।
फाग प्रतियोगिता या अन्य कार्यक्रमों में साउंड सिस्टम के लिए एसडीएम की अनुमति अनिवार्य।
जबरन चंदा वसूली, इच्छा के विरुद्ध रंग लगाना या प्रतिबंधित रंगों का उपयोग न करें।
रास्तों में पत्थर/अवरोधक न रखें। होलिका दहन विद्युत लाइन, खंभों, ट्रांसफार्मर, टेलीफोन खंभों, डामर सड़क या मुख्य मार्ग/चौराहों के मध्य न करें; सुरक्षित स्थान पर घरों से दूर एवं रात्रि 12:00 बजे तक पूर्ण करें।
ईमारती लकड़ी, फलदार एवं हरे वृक्षों की लकड़ी का उपयोग न कर गोबर के कंडों से होलिका दहन करने की अपील। मंदिरों से निकलने वाली शोभायात्राओं में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस को सहयोग दें।
मोहारा नदी, ऑक्सीजोन, रानीसागर एवं शहर के विभिन्न तालाबों में सुरक्षा हेतु गोताखोरों की व्यवस्था की गई है।
थाना बसंतपुर पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार के उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। यह बैठक जिले में सद्भावना की मजबूत परंपरा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।





