राजनांदगांव/डोंगरगढ़:
आगामी 19 मार्च 2026 से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध माँ बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ में आयोजित होने वाले विशाल मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता बघेल और पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थीं।
सेवा भावना और स्वच्छता पर जोर
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि लाखों की संख्या में पहुंचने वाले दर्शनार्थियों की सेवा करना एक बड़ा अवसर है। उन्होंने पूरे डोंगरगढ़ क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने और मंदिर परिसर सहित सीढ़ियों पर विशेष साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य एवं पेयजल की व्यवस्था
गर्मी के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि पदयात्रियों के लिए अंजोरा से अछोली तक लगने वाले सेवा पंडालों में पर्याप्त मात्रा में ORS घोल, मरहम-पट्टी और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहें। डोंगरगढ़ के ऊपर और नीचे स्थित मंदिरों में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेंगे।
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने बताया कि सुरक्षा के लिए पुलिस बलों की पर्याप्त तैनाती की जाएगी और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) मेला स्थल की सतत निगरानी करेगी।
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम: पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए एक मुख्य कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
यातायात: दुर्घटना जन्य क्षेत्रों में रेडियम संकेतक और अस्थायी गति अवरोधक लगाए जाएंगे।
रोपवे: सुरक्षा के लिहाज से रोपवे के फिटनेस सर्टिफिकेट और मेंटेनेंस की कड़ाई से जांच की जाएगी।
अन्य प्रमुख निर्देश:
निर्बाध विद्युत आपूर्ति: मेले के दौरान बिजली कटौती न हो और पदयात्रा मार्गों पर रोशनी की समुचित व्यवस्था रहे।
खाद्य सुरक्षा: खाद्य विभाग को मिष्ठान और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
सेवा पंडाल: स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा लगाए जाने वाले पंडालों में विश्राम, पेयजल और भोजन की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस बैठक में अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने मेले के सफल और सुचारू संचालन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।





