सोमवार, 23 नवंबर को आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में श्री शंकरा एजुकेशन सोसाइटी के डायरेक्टर श्री आई.पी. मिश्रा मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिं एसोसिएशन (CGPLA) के अध्यक्ष श्री नरेंद्र कुमार बंछोर ने की।
समारोह में अर्जुन पुरस्कार विजेता श्री पी.जे. जोसेफ और श्री ई. सजीवन भास्करन सहित पावरलिफ्टिंग इंडिया व CGPLA के अनेक पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन फेडरेशन कप की इक्विप्ड श्रेणी में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने स्क्वाट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट में दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को तीन पदक दिलाए। भिलाई इस्पात संयंत्र की ओर से छत्तीसगढ़ टीम में चयनित खुशाल पटेल ने पुरुष 59 किलोग्राम वर्ग में रजत, आसिफ अली खान ने 120 किलोग्राम से अधिक वर्ग में रजत और जयदीप साहू ने 66 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। पहले दिन खिलाड़ियों की बड़ी संख्या के चलते पुरुष और महिला के नौ-नौ भार वर्गों के मुकाबले रात 11 बजे तक चले।
दूसरे दिन, मंगलवार 24 नवंबर को सुबह 7 बजे वजन मापन के बाद 9 बजे से फेडरेशन कप क्लासिक पावरलिफ्टिंग स्पर्धाएं शुरू हुईं, जिनके शाम 6 बजे तक चलने की संभावना है। इस राष्ट्रीय आयोजन में 24 राज्यों के खिलाड़ी, कोच, निर्णायक और पदाधिकारियों सहित 500 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
फेडरेशन कप के बाद 25 से 27 नवंबर तक वेस्टर्न इंडिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप होगी, जिसमें सात राज्यों के 250 से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर्स वर्गों वाली इस प्रतियोगिता का समापन 27 नवंबर को शाम 4 बजे होगा। CGPLA पदाधिकारियों के अनुसार दुर्ग में इस आयोजन से प्रदेश में पावरलिफ्टिंग को नई पहचान और स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा।



