दुर्ग (छत्तीसगढ़): महिला थाना दुर्ग में एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला दर्ज हुआ है, जिसमें एक नाबालिग लड़की के साथ अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 तक लगातार दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं हुईं। पीड़िता ने 30 जनवरी 2026 को अपनी मां के साथ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले में कुल 6 आरोपी नामजद हैं, जिनमें मुख्य आरोपी PWD टाइमकीपर कृपा शंकर उर्फ राजू कश्यप (58 वर्ष, गोरखपुर यूपी निवासी) शामिल है। पुलिस ने राजू को 7 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि शेष फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
विजय स्वाइन (37 वर्ष)
अनिल चौधरी (60 वर्ष)
गोविंद सिंह नागवंशी (62 वर्ष)
कृपा शंकर उर्फ राजू कश्यप (58 वर्ष)
फरार मुख्य आरोपी: बी.एन. पांडेय (खुद को दुर्ग सांसद विजय बघेल का निज सचिव बताने वाला) और संजय पंडित। आरोप है कि आरोपी नौकरी दिलाने के बहाने पीड़िता का शोषण करते रहे, घटनाएं सरकारी दफ्तरों, होटलों और अन्य जगहों पर हुईं।
पुलिस ने BNS की धारा 65(1), 70(2) और POCSO एक्ट की धारा 6, 12 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले हैं। SSP विजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि फरार आरोपियों की तलाश तेज है और BN पांडेय जल्द गिरफ्त में होगा।
दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत दें। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जा रही है। यह मामला छत्तीसगढ़ में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि इसमें कथित रसूखदार लोगों के नाम जुड़े हैं।





