सोमनी/राजनांदगांव। सोशल मीडिया के माध्यम से महिला एवं बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री (CSEM) प्रसारित करने वालों के विरुद्ध राजनांदगांव पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय (NCRB) द्वारा संचालित ‘सायबर टिप लाइन’ से प्राप्त जानकारी के आधार पर सोमनी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीसीपीडब्ल्यू (CCPW) योजना के अंतर्गत सायबर पोर्टल के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि ‘अरविन्द पाण्डेय’ नामक व्यक्ति द्वारा फेसबुक पर अश्लील वीडियो अपलोड किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सोमनी में धारा 67(बी) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
घेराबंदी कर यूपी से हुई गिरफ्तारी:
पुलिस अधीक्षक (SP) सुश्री अंकिता शर्मा के कुशल निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व सीएसपी अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की गई। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी अरविंद पाण्डेय (उम्र 29 वर्ष), निवासी पाण्डेपुरवा, जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
मोबाईल और सिम जप्त:
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड को विधिवत जप्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर सामाजिक गरिमा को ठेस पहुँचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की अपील:
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें और किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या अश्लील कंटेंट को साझा न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।





