डोंगरगढ़/राजनांदगांव। Akash Sharma
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध माँ बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ में आयोजित होने वाले विशाल मेले के लिए राजनांदगांव पुलिस ने कमर कस ली है। आस्था के इस महाकुंभ में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ की सुरक्षा और सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण ड्यूटी प्लान को अंतिम रूप दे दिया गया है।
850 पुलिस कर्मियों के कंधों पर सुरक्षा का जिम्मा
मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदेश भर से आए 850 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, कमांडेंट प्रशांत कत्लम (10वीं बटालियन) और एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने आज बल को 10 दिनों की सघन ड्यूटी के लिए विधिवत ब्रीफ किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
4 जोन और कई सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र
सुचारू व्यवस्था के लिए संपूर्ण डोंगरगढ़ और मंदिर परिसर को 4 मुख्य जोन में विभाजित किया गया है:
जोन 01: ऊपर मंदिर (गर्भगृह), सीढ़ियां, रोपवे और मुख्य ड्रॉप गेट की सुरक्षा।
जोन 02: नीचे मंदिर क्षेत्र, मेला परिसर और रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था।
जोन 03 (यातायात एवं पार्किंग): अंजोरा बायपास, रामदरबार, चिचोला और बोरतलाव जैसे प्रमुख मार्गों से मंदिर तक ट्रैफिक और 8 बड़े पार्किंग स्थलों का प्रबंधन।
जोन 04: सामान्य कानून व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन।
QRT और विशेष अपराध नियंत्रण टीमें तैनात
मेले के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है। साथ ही, बाहरी गिरोहों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष अपराध नियंत्रण टीमें रेलवे स्टेशन और बाहरी रास्तों पर सतत गश्त करेंगी।





