Home » नेशनल » वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन को दिल्ली का बुलावा, ‘डिजिटल संचार और आधुनिक गवर्नेंस’ पर केंद्रित कार्यशाला में लेंगे हिस्सा

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन को दिल्ली का बुलावा, ‘डिजिटल संचार और आधुनिक गवर्नेंस’ पर केंद्रित कार्यशाला में लेंगे हिस्सा

भिलाई नगर।

जनप्रतिनिधियों को डिजिटल संचार के आधुनिक तरीकों और गवर्नेंस टूल्स से लैस करने के उद्देश्य से देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाली बहुपयोगी वर्कशॉप में छत्तीसगढ़ के 5 विधायकों को शामिल किया गया है। इस खास सूची में वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय विधायक रिकेश सेन भी शामिल हैं।

हाल ही में ‘नेशन फर्स्ट पॉलिसी रिसर्च सेंटर’ (NFPRC) के चेयरमैन तरुण चुघ ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को पत्र लिखकर राज्य के 5 विधायकों को इस कार्यशाला के लिए आमंत्रित करने का अनुरोध किया था।

‘डिजिटल संचार’ से विधायी प्रभाव बढ़ाने पर होगी चर्चा

नई दिल्ली के एम्बेसडर होटल में ‘डिजिटल संचार और सार्वजनिक शासन उपकरणों के माध्यम से विधायी प्रभाव को बढ़ाना’ विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सांसदों और विधायकों को डिजिटल युग में अपनी जनता से अधिक प्रभावी ढंग से जुड़ने और सरकारी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए आधुनिक तकनीकों से रूबरू कराना है।

जनता की सेवा के लिए मूल्यवान अवसर: रिकेश सेन

दिल्ली रवानगी से पहले विधायक रिकेश सेन ने इस कार्यशाला को जनप्रतिनिधियों के लिए बेहद जरूरी बताया। उन्होंने कहा, “आज के दौर में डिजिटल संचार जनप्रतिनिधियों के लिए एक अनिवार्य टूल बन चुका है। यह हमें जनता के साथ सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद करता है। मैं इस कार्यशाला से सीखे गए कौशल और ज्ञान का पूरा उपयोग अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए करूंगा।”

अनुराग ठाकुर समेत कई दिग्गज साझा करेंगे अनुभव

इस कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों को सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स का प्रभावी उपयोग सिखाया जाएगा। इसके अलावा दिशा समितियों तथा विधायक निधि (MLALADS) फंड के बेहतर और पारदर्शी उपयोग पर भी चर्चा की जाएगी। कार्यशाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, सांसद शशांक मणि और विदिशा के जिलाधिकारी अंशुल गुप्ता जैसे विशेषज्ञ वक्ता के तौर पर अपने अनुभव साझा करेंगे।

प्रदेश के इन 5 विधायकों का हुआ है चयन

दुर्ग संभाग से रिकेश सेन के अलावा प्रदेश के विभिन्न संभागों से कुल 5 विधायकों को दिल्ली के लिए चयनित किया गया है। इनमें:

दुर्ग संभाग: श्री रिकेश सेन (विधायक, वैशाली नगर)

रायपुर संभाग: श्री अनुज शर्मा (विधायक, धरसींवा)

सरगुजा संभाग: श्रीमती गोमती साय (विधायक, पत्थलगांव)

बस्तर संभाग: श्री चैतराम अटामी (विधायक, दंतेवाड़ा)

राजिम: श्री रोहित साहू (विधायक, राजिम) शामिल हैं।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments