Home » अन्य राज्य » भिलाई के नेहरू नगर में मूर्ति तोड़े जाने पर बजरंग दल आक्रामक, CSP और TI को बर्खास्त करने की मांग

भिलाई के नेहरू नगर में मूर्ति तोड़े जाने पर बजरंग दल आक्रामक, CSP और TI को बर्खास्त करने की मांग

भिलाईनगर।

नेहरू नगर स्थित योगा उद्यान में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को नगर निगम के जोन आयुक्त द्वारा कथित रूप से खंडित किए जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर बजरंग दल ने बेहद आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। संगठन ने भिलाई पुलिस और नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे ‘धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़’ और एक ‘सुनियोजित साजिश’ करार दिया है।

अधिकारियों की बर्खास्तगी की उठी मांग

बजरंग दल के पदाधिकारियों ने सीधे तौर पर भिलाई नगर के सीएसपी सत्यप्रकाश और सुपेला थाना प्रभारी (TI) की तत्काल बर्खास्तगी की मांग दुर्ग एसएसपी से की है। संगठन का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने दोषी निगम अधिकारियों का पक्ष लिया और उन्हें बचाने का प्रयास किया। उल्टे न्याय की मांग कर रहे हिंदू समाज और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर ही अपनी भड़ास निकाली और उन्हें डांट-फटकार लगाकर डराने का प्रयास किया गया। संगठन का कहना है कि पुलिस द्वारा शिकायत पर तत्काल FIR दर्ज न करना उनकी संलिप्तता और भारी लापरवाही को दर्शाता है।

दोषी निगम अधिकारियों पर दर्ज हो FIR

पदाधिकारियों ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने और शहर की शांति व्यवस्था को भंग करने के इस मामले में नगर निगम के संबंधित अधिकारियों और दोषियों के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज नहीं की गई, तो बजरंग दल सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा। इस हीला-हवाली को अब हिंदू समाज कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

गृह मंत्री विजय शर्मा के निवास घेराव की बड़ी चेतावनी

प्रशासन के रवैये से नाराज बजरंग दल ने अब इस लड़ाई को सीधे सरकार के द्वार तक ले जाने का मन बना लिया है। संगठन ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि स्थानीय प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों से भागता रहा और दोषियों को संरक्षण देता रहा, तो बजरंग दल के कार्यकर्ता राजधानी रायपुर पहुंचकर सीधे प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा के बंगले का घेराव करेंगे।

बजरंग दल के इस कड़े रुख और उग्र आंदोलन की चेतावनी के बाद अब शहर का माहौल गरमा गया है और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों की धड़कनें बढ़ गई हैं।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments