भिलाई। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज में पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू न होने से अधिकारी-कर्मचारियों में भारी असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। इस संदर्भ में भिलाई-3 स्थित दुर्ग जिला विद्युत कंपनी मुख्यालय परिसर में एक विशाल गेट मीटिंग का आयोजन किया गया।
मीटिंग के दौरान बताया गया कि छत्तीसगढ़ शासन के ऊर्जा विभाग ने 1 जनवरी 2004 के बाद नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों के लिए नवीन अंशदायी पेंशन योजना (NPS) के स्थान पर पुरानी पेंशन प्रणाली (OPS) लागू करने की सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है। इसके बावजूद कंपनी प्रबंधन द्वारा आज तक इसे अमल में नहीं लाया गया है। कर्मचारी संगठनों द्वारा लगातार पत्राचार और चर्चाओं के बाद भी कार्रवाई न होने से कर्मचारियों का धैर्य जवाब दे रहा है।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार भूआर्य, कार्यपालन अभियंता सुनील कुमार चौहान, सहायक अभियंता निशांत मेश्राम, हरमुख, शिखा सिंह, पूनम भावनानी, लेखाधिकारी व्ही.व्ही.आर. मूर्ति और निज सहायक वीरेंद्र कुमार पाठक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पावर कंपनी के सभी संगठनों ने मिलकर गठित ‘अधिकार मंच’ के माध्यम से संपूर्ण प्रदेश में विशेष जागरूकता और विरोध कार्यक्रम संचालित करने का निर्णय लिया है। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पुरानी पेंशन योजना लागू करने का अंतिम आदेश जारी नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।




