अश्रुपूरित नयनों से वीरों को नमन: भिलाई में शहीद परिवारों का भावुक सम्मान समारोह
सिविक्स सेंटर, भिलाई के प्रगति भवन में local पत्रकारों द्वारा आयोजित सम्मान समारोह का माहौल देशभक्ति और गहरी संवेदनाओं से सराबोर था। इस भावुक अवसर पर लगभग 20 से 30 शहीद परिवारों के उपस्थित होते ही पूरा सभागार एक पवित्र श्रद्धा से भर उठा।
कार्यक्रम में कैलाश बरमेचा, संदीप शर्मा (खाटू श्याम सेवा), हरप्रीत बल (आर्मी मैन), शालिनी पटेल (इंदु आईटी) और शिक्षिका सहित कई गणमान्य अतिथियों ने सिर झुकाकर शहीद वीरों के परिजनों का नमन किया।
मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने जिगर के टुकड़े, सुहाग और भाइयों को खो देने वाले इन वीरों के परिवारों को देखकर हर दिल गर्व और वेदना के मिश्रित अहसास से भर गया। आयोजकों और पत्रकारों ने भरे गले से समाज से यह मार्मिक अपील की कि इन अमर शहीदों के परिजनों को जीवन के किसी भी मोड़ पर जब भी हमारी जरूरत पड़े, हमें पूरे समर्पण के साथ उनके साथ खड़े रहना चाहिए ताकि वे कभी खुद को अकेला न समझें।
अपने देश की सुरक्षा के लिए हंसते-हंसते कुर्बान होने वाले लालों की इन माताओं और पत्नियों का संबल बनना हमारा परम धर्म है। भिलाई की माटी में रचा-बसा यह आयोजन न केवल अश्रुपूरित श्रद्धांजलि था, बल्कि देश के प्रति इन अमर परिवारों के अतुलनीय त्याग का एक पवित्र नमन भी था।




