नवा रायपुर: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने आज संवाद भवन, अटल नगर, नवा रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभाग के माध्यम से ग्रामीण विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, रोजगार सृजन और अन्य प्रमुख योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
श्री शर्मा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में बदलाव लाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। कांग्रेस शासन में रोके गए गरीबों के हक अब जमीन पर उतर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को सशक्त बनाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को तेज करने पर जोर दिया।
यह प्रेस वार्ता सरकार की ग्रामीण विकास नीतियों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी। उप मुख्यमंत्री ने मीडिया से अपील की कि वे इन योजनाओं के लाभार्थियों की कहानियां अधिक से अधिक साझा करें।





