भिलाई के सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल ने ये मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और स्थानीय थानों की संयुक्त टीम ने पिछले एक महीने में तकनीकी विश्लेषण और साइबर ट्रैकिंग के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों से इन फोनों को ट्रेस किया। लंबे समय से अपने फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे पर अपना कीमती सामान वापस पाकर खुशी साफ दिखाई दी।
दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि बरामद किए गए सभी 200 मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये है। उन्होंने जानकारी दी कि पुलिस के पास वर्तमान में करीब 3,000 और गुम मोबाइल फोनों की सूची दर्ज है, जिन पर साइबर टीम लगातार काम कर रही है। आने वाले समय में अभियान चलाकर इन मोबाइलों को भी ट्रेस कर उनके मालिकों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल चोरी या गुम होने पर तुरंत सरकार के CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर उसकी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी सहायता से उसे तुरंत ब्लॉक और ट्रैक किया जा सके। साथ ही उपस्थित लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव और सुरक्षित मोबाइल उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।




