भिलाई: स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को व्यवस्थित रूप से दर्ज करने और उनके समाधान के लिए ‘नेहरू नगर जनसेवा परिवार’ ने एक नई एवं अनूठी पहल की है। संस्था द्वारा NJP-001 से NJP-022 तक की जनसमस्या समाधान ‘मास्टर रिपोर्ट’ जारी की गई है। इस रजिस्टर में नेहरू नगर क्षेत्र की सफाई, सीवरेज, जलभराव, स्ट्रीट लाइट, विद्युत सुरक्षा, सड़क, ट्रैफिक और खेल मैदान जैसी नागरिक सुविधाओं से जुड़ी 22 प्रमुख समस्याओं को क्रमवार दर्ज किया गया है। इसमें समस्या के स्थान, शिकायतकर्ता, संबंधित विभाग, की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति का पूरा ब्योरा शामिल है।
मास्टर रिपोर्ट के अनुसार, कई स्थानों जैसे मिलेनियम पार्क, अग्रसेन चौक, भेलवा गार्डन शिव मंदिर, KPS चौक और नेहरू नगर मेन रोड पर सफाई कार्य पूरे कराए जा चुके हैं। वहीं, नेहरू नगर पूर्व एवं पश्चिम में सीवर ओवरoverflow, ब्लॉक-18 में सीवरेज लाइन चोक होने, सड़क नंबर 11 पर बंद स्ट्रीट लाइट, और 30/8 नेहरू नगर पश्चिम में पेड़ों की डालियों के कारण विद्युत सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर संबंधित विभागों के साथ फॉलो-अप जारी है। इसके अलावा, कालीबाड़ी एवं जैन मंदिर के सामने मैदान के समतलीकरण, जल निकासी, हाई-मास्ट लाइट तथा रविवार शाम गुरुद्वारा रोड क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव की समस्याओं को भी रजिस्टर में प्रमुखता से दर्ज किया गया है।
ग्रुप एडमिन एवं वार्ड-3 के पूर्व पार्षद डॉ. जय प्रकाश यादव ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करना है। उन्होंने कहा, “जनसेवा का अर्थ केवल चुनाव के समय लोगों के बीच जाना नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में भी नागरिकों की समस्याओं के साथ खड़ा रहना है।” जनसेवा परिवार का स्थानीय विकास मॉडल समस्या दर्ज करने से लेकर विभागीय सूचना, लगातार फॉलो-अप और कार्रवाई की स्थिति नागरिकों तक पहुंचाने पर आधारित है।





